रायपुर : तेलीबांधा मरीन ड्राइव और कलेक्ट्रेट में सुव्यवस्थित हुई पार्किंग व्यवस्था, सोमवार से शुल्क लागू
शहर के प्रमुख सैर-सपाटे स्थल तेलीबांधा मरीन ड्राइव में अब पार्किंग व्यवस्था पहले से अधिक सुव्यवस्थित नजर आएगी। नगर निगम रायपुर द्वारा यहां दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित करते हुए स्पष्ट मार्किंग की गई है। निगम प्रशासन ने घोषणा की है कि सोमवार से मरीन ड्राइव में पार्किंग शुल्क नियमित रूप से लागू कर दिया जाएगा।
नगर निगम की टीम ने तालाब के एक सिरे से दूसरे सिरे तक दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के लिए निर्धारित स्थानों पर दो चरणों में मार्किंग का कार्य पूरा किया है। इसका उद्देश्य यहां आने वाले नागरिकों के वाहनों को व्यवस्थित ढंग से खड़ा कराना और अव्यवस्थित पार्किंग से होने वाली समस्याओं को दूर करना बताया गया है।
अब तक तेलीबांधा मरीन ड्राइव में पार्किंग पूरी तरह निशुल्क थी, लेकिन नगर निगम द्वारा शुल्क लागू करने की घोषणा के बाद कांग्रेस सहित आम नागरिकों ने इसका विरोध दर्ज कराया था। विरोध को देखते हुए नगर निगम ने इसे एक सप्ताह के ट्रायल के रूप में लागू किया, जिसकी अवधि पूरी होने के बाद अब इसे नियमित व्यवस्था के तौर पर लागू किया जा रहा है।
इसी क्रम में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मल्टीलेवल पार्किंग में भी नगर निगम ने पार्किंग शुल्क व्यवस्था लागू कर दी है। यहां वाहन खड़ा करने वाले नागरिकों को निर्धारित दर के अनुसार शुल्क चुकाना होगा। निगम के बाजार विभाग द्वारा पार्किंग व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए तीन पालियों में कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
शुल्क व्यवस्था के तहत दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग दरें तय की गई हैं। साथ ही तय समयावधि से अधिक समय तक वाहन खड़े रहने की स्थिति में अतिरिक्त शुल्क भी वसूला जाएगा। हालांकि राहत की बात यह है कि शासकीय कार्य से आने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को आईडी कार्ड दिखाने पर पार्किंग शुल्क से छूट दी गई है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहर में पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित बनाना, अवैध पार्किंग पर रोक लगाना और सार्वजनिक स्थलों के दुरुपयोग को नियंत्रित करना है।


Leave A Comment