गुरुकुल प्रभा वार्षिकोत्सव
गुरुकुल महिला महाविद्यालय, कालीबाड़ी रोड, रायपुर का गुरुकुल प्रभा वार्षिकोत्सव कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण अरुण मंच, गुरुकुल परिसर में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरूआत मां सरस्वती पर माल्यार्पण एवं दीप प्रजज्वलन से हुई। प्राचार्य डॉ. संध्या गुप्ता ने वर्ष भर की महाविद्यालयीन गतिविधियों का संक्षिप्त विवरण वार्षिक प्रतिवेदन के रूप में अतिथियों, छात्राओं एवं पालको के समक्ष प्रस्तुत किया।

मुख्य अतिथि माननीय श्री सुनील कुमार सोनी,विधायक रायपुर (दक्षिण) विधानसभा, रायपुर ने अपने उद्बोधन में छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण भी आवश्यक है। उन्होंने महाविद्यालय की प्रगति की सराहना की और विजेता छात्राओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया।
विशिष्ट अतिथि श्री तरल मोदी, अध्यक्ष, भातखंडे ललित कला शिक्षा समिति ने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कला और कौशल के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास के लिए ललित कलाओं से जुड़ाव अनिवार्य है, जो छात्राओं के आत्मविश्वास को नई ऊंचाइयों पर ले जाता है। उन्होंने संस्थान के अनुशासन और शैक्षणिक वातावरण की भी प्रशंसा की।
संचालिका समिति सचिव, श्रीमती शोभा खण्डेलवाल ने बताया कि समिति नारी के उत्थान के लिए कार्य कर रही है जिसके लिए छात्राओं एवं उनके अभिभावकों का सहयोग आवश्यक है I श्री अजय तिवारी जी ने छात्राओं को उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामना देते हुए बहुमुखी विकास की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की पत्रिका अरुणिता का विमोचन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसमें लोक नृत्य, नाटक और गीतों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की संस्कृति की झलक दिखाई दी। अकादमिक, खेलकूद और सांस्कृतिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं पुरुस्कार देकर सम्मानित किया गया। महाविद्यालय प्रबंधन द्वारा सत्र 2025-26 की उपलब्धियों के अंतर्गत हेतु विशेष सम्मान समारोह में बी.कॉम.अंतिम वर्ष की छात्रा जितेश्वरी साहू को ‘सर्वश्रेष्ठ छात्रा’ के विशेष सम्मान से अलंकृत किया गया। सेवा और समर्पण के लिए करुणा साहू (बीएससी अंतिम) को ‘सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक’ तथा खुशबू साहू (बी.कॉम. अंतिम वर्ष) को ‘सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी’ के रूप में स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, अकादमिक उत्कृष्टता के लिए कु. चेतना साहू (वाणिज्य विभाग), कु. ऐश्वर्या यादव (विज्ञान विभाग) और कु. निशा साहू (कंप्यूटर विभाग) को मेरिट स्कॉलरशिप प्रदान की गई।
सांस्कृतिक समारोह में छात्र-छात्राओं ने अपनी कला प्रतिभा से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण देश की विविध सांस्कृतिक विरासत का संगम रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ नीलिमा द्वारा प्रस्तुत मधुर सरस्वती वंदना से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय कर दिया। इसके पश्चात् नीलिमा एवं दीपिका ने सुरीले स्वागत गीत के माध्यम से मुख्य अतिथियों का अभिनंदन किया। मंच पर ममता और स्मृति ने गणेश वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम की सफलता के लिए मंगल कामना की।
सामाजिक चेतना जागृत करने के उद्देश्य से रुचिका एवं दीप्ति ने ‘नारी शक्ति’ विषय पर एक प्रभावशाली प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। नृत्य की कड़ियों में रोजी ने कथक की मोहक प्रस्तुति दी, वहीं अंजलि एवं निकिता ने ओडिशा के प्रसिद्ध संबलपुरी नृत्य से भारतीय लोक कला का शानदार प्रदर्शन किया। समारोह में ‘अनेकता में एकता’ का दृश्य तब देखने को मिला जब विभिन्न राज्यों के लोक नृत्यों की झड़ी लग गई। गरिमा ने राजस्थान के प्रसिद्ध घूमर, दीपिका ने राजस्थानी नृत्य, निर्जरा एवं करुणा ने ऊर्जावान पंजाबी भांगड़ा, और जानवी व पूर्वी ने साउथ इंडियन नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन महिष्मा एवं उनके समूह द्वारा प्रस्तुत मराठी नृत्य से हुआ, जिसने सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय की प्रबंधन समिति द्वारा अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया और राष्ट्रगान के साथ भव्य वार्षिकोत्सव का समापन हुआ।


Leave A Comment